Cgaajtaknews.in

बीजापुर – जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्यवाही करते हुए विस्फोटक सामग्री के साथ सात सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया है। थाना भैरमगढ़ से डीआरजी एवं थाना बल की टीम कोलनार, डालेर की ओर एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी, अभियान के दौरान डालेर के जंगल से छह माओवादियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से टीफिन बम, कार्डेक्स वायर, जिलेटिन स्टीक, डेटोनेटर, 12 वोल्ट बैटरी, बिजली के तार और खुदाई के औजार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में आयतु ओयाम उर्फ गुर्जु, फागु मिच्चा, रामू वेको, लक्ष्मण वेको, रानू पोड़ियाम और चमरू ओयाम शामिल हैं, सभी कोलनार क्षेत्र के निवासी हैं। दूसरी ओर थाना मिरतुर एवं कैम्प चेरली 15/ई वाहिनी की संयुक्त कार्यवाही में बेचापाल गांडुकलपारा मोड़ से एक माओवादी अजय उर्फ गुंडी कोरसा को पकड़ा गया, जिसके पास से पिट्ठू बैग में टीफिन बम, बैटरी, बिजली का तार और पटाखे बरामद किए गए। पकड़े गए सभी माओवादियों के विरुद्ध थाना भैरमगढ़ और मिरतुर में अलग-अलग वैधानिक कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय बीजापुर के समक्ष पेश किया गया।






Leave a Reply